पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ट्रक यूनियन की पार्किंग में दबोचा आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में अवैध नशा तस्करों के खिलाफ बद्दी पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने ट्रक यूनियन की पार्किंग से भारी मात्रा में चूरा पोस्त बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार वीरवार शाम को बद्दी पुलिस और स्पेशल सेल-एक्स की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर न्यू बस स्टैंड के पीछे ट्रक यूनियन पार्किंग क्षेत्र में अचानक दबिश दी। वहां खड़े एक महिंद्रा जीतो वाहन की जब गहनता से तलाशी ली गई, तो गाड़ी के भीतर से 11.660 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया और वाहन को सीज कर दिया। इस अवैध नशे के साथ पुलिस ने मौके से आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान गुरचरण सिंह के रूप में हुई है, जो बद्दी के साई तहसील का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। अवैध मादक पदार्थों के काले कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त से सख्त कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाती रहेगी।