फरवरी में शियुरी गांव में एक घर में दिया चोरी को अंजाम
आरोपी के खिलाफ पहले भी चल रहे कई आपराधिक मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की(सोलन)। बातल पंचायत में चोरी की वारदात में संलिप्त एक आरोपी को न्यायिक हिरासत से ट्रांसफर करके गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी सागर उर्फ गरेवी पुत्र गुरमेल सिंह, निवासी नजद रेलवे स्टेशन पनौली, जिला रोपड़ (पंजाब) को कोर्ट में पेश करने जा रही है। इसके बाद उसे पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
पुलिस जानकारी के अनुसार इस वर्ष फरवरी में बातल पंचायत के शियुरी गांव में एक महिला के घर में सोने चांदी के करीब 1,88,000 रुपये के गहने चोरी हुए थे। चोरी की इस वारदात की महिला ने पुलिस थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस वारदात की छानबीन कर रही थी। बीते वीरवार को पुलिस ने चोरी के इस आरोपी को गिरफ्तार करके हिरासत में ले लिया है।
जांच के दौरान पाया गया है कि आरोपी आदतन अपराधी है और इसके विरुद्ध जिला सोलन के थाना धर्मपुर में 02, पुलिस जिला बद्दी के थाना नालागढ में 03 व रामशहर थाना में 01 और जिला कांगड़ा के देहरा थाना में लूटपाट का 01, कुल 07 मामले दर्ज हैं। इन मामलों में इस आरोपी ने अपने साथियों के साथ करीब 12 लाख रुपये के गहने व नकदी चुराए थे। मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।