वार्ड सदस्य ने किया खुलासा, 12 दिन बाद आई सप्लाई
नगर परिषद में डेंगू रोकथाम को लेकर विभागों की हुई बैठक
सहायक आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक, सफाई पर अधिक फोकस
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। ग्राम पंचायत टकसाल में बीते दिनों हुई पानी की सप्लाई में बाल निकले। इसका खुलासा नगर परिषद परवाणू में हुई बैठक में टकसाल पंचायत की वार्ड सदस्य ने किया है। शुक्रवार को नगर परिषद में डेंगू की रोकथाम को लेकर बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता सहायक आयुक्त मोहिंद्र प्रताप सिंह ने की। बैठक में वार्ड सदस्य ने बताया कि 12 दिन बाद क्षेत्र में पानी की सप्लाई हुई थी। तब पानी में बाल निकले। उन्होंने डेंगू को लेकर किए जा रहे कार्यों पर भी सवाल खड़े किए।
हालांकि डायरिया मामलों के बीच हुई इस बैठक से हिमुडा के विभागाध्यक्षों ने दूरी बनाई और बैठक में नहीं आए। लेकिन अन्य सभी विभागों के अधिकारी, आशा वर्कर समेत टकसाल पंचायत से प्रतिनिधियों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। बैठक में बताया कि डेंगू सीजन लगभग अप्रैल माह से शुरू हो जाता है। इस लिए इस समय डेंगू की रोकथाम के लिए कदम उठाना जरूरी है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवाड़ ने प्रोजेक्टर के माध्यम से डेंगू रोकथाम पर संपूर्ण जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि परवाणू समेत आसपास के क्षेत्रों में पानी में लारवा जांच की जा रही है। साथ ही फॉगिंग भी की जा रही है। बताया कि डेंगू का लारवा खड़े पानी में पैदा होता है। ऐसे में लोगों को आसपास साफ-सफाई रखनी चाहिए और पानी एकत्र न करने का आग्रह भी किया है।
धर्मपुर स्वास्थ्य खंड अधिकारी डॉ. कविता शर्मा ने कहा कि परवाणू में वर्ष 2022 में डेंगू के मामले 1500 से अधिक थे। लेकिन वर्ष 2023 में स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद ने बेहतर कार्य किया और मामलों को बढ़ने नहीं दिया।
इनसेट
टकसाल पंचायत में जल शक्ति विभाग की ओर से करीब 10 -12 दिनों के बाद पानी की सप्लाई की जा रही है। उन्होंने बताया की वीरवार को जो पानी की सप्लाई की। उसमें लंबे-लंबे बाल पाए गए हैं।
निशा, वार्ड सदस्य, टकसाल पंचायत
इनसेट
इस वर्ष भी नगर परिषद के कर्मचारी शहर के हर वार्ड में पिछले एक महीने से फॉगिंग का कार्य कर रहे हैं। इसके साथ-साथ घास आदि पर दवाओं का छिड़काव भी किया जा रहा। -मोनिशा शर्मा, अध्यक्ष, नगर परिषद परवाणू
परवाणू में फॉगिंग कार्य करते हुए। संवाद