स्वयंसेवियों ने भंगड़ा और योगासन से जीता दिल
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन समारोह में दिग्गल पंचायत के प्रधान पवन कुमार कौशल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि सेवानिवृत्त सूबेदार जियालाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत के माध्यम से सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। शिविर प्रभारी प्रो. राहुल ने सात दिनों की गतिविधियों का प्रतिवेदन (रिपोर्ट) प्रस्तुत किया। धूम समापन अवसर पर स्वयंसेवियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। पंजाबी भंगड़ा, हरियाणवी लोक नृत्य और देशभक्ति गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रा स्मृति शर्मा के योगासन प्रदर्शन ने अनुशासन और शारीरिक संतुलन का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। मुख्यातिथि पवन कुमार कौशल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि गुरुओं का मार्गदर्शन ही सफलता का असली आधार है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहकर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।