मानपुरा स्कूल में शिविर में भाग लेते हुए स्वयं सेवक- स्रोत- स्कूल।
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। पीएमश्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मानपुरा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय शिविर शुरू हो गया है। शिविर के शुभारंभ मौके पर समाज सेवक हरदेव सिंह सैनी और राजेंद्र सिंह सैनी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने स्वयंसेवियों को अनुशासन में रहने और समाज सेवा में अपना योगदान देने पर जोर दिया। स्वयंसेवियों ने दीप प्रज्वलन और एनएसएस गीत के साथ शिविर की शुरुआत की। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी देशराज और याचना गुप्ता ने बताया कि इस विशेष शिविर में 45 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं, जिनमें 30 छात्राएं और 15 छात्र शामिल हैं। शिविर के दौरान स्वयंसेवी स्कूल परिसर और गोद लिए गांव की सफाई करेंगे। शाम के समय बौद्धिक सत्र आयोजित किया जाएगा। कार्यवाहक प्रधानाचार्य रवि प्रकाश ने सभी स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं दी।