स्कूलों में एकरूपता लाने की तैयारी,शिक्षा विभाग ने तैयार किया प्रस्ताव
सुबह 8:30 से दोपहर 2:30 बजे तक कक्षाएं लगाने की है योजना
अप्रैल से अक्तूबर सत्र के लिए तैयार किया प्रस्ताव
सर्दियों के लिए अलग जारी होगी गाइडलाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के सभी निजी और सरकारी स्कूलों के समय में एकरूपता लाने की तैयारी शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग के उपनिदेशक ने स्कूल प्रबंधकों के साथ चर्चा के बाद प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा है। इसमें सभी स्कूलों का समय सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक निर्धारित करने की योजना है। वर्तमान में निजी स्कूल अपने-अपने अनुसार समय तय करते हैं। विभाग का यह प्रस्ताव अप्रैल से अक्तूबर सत्र के लिए तैयार किया गया है, जिसे गर्मी और मानसून के लिहाज से उपयुक्त माना गया है। वहीं सर्दियों के लिए अलग गाइडलाइन जारी होगी। ठंड और कोहरे को देखते हुए छोटे बच्चों की सुविधा के अनुसार समय में बदलाव का विकल्प रखा जाएगा। उच्च शिक्षा उपनिदेशक गोपाल चौहान ने बताया कि इस संबंध में निजी स्कूल प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और अन्य हितधारकों के साथ बैठक की गई थी, जिसमें अधिकांश ने एक समान समयसारिणी का समर्थन किया। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही इसे जिलेभर में लागू किया जाएगा।
कन्या स्कूल दो शिफ्टों में चलेगा
शहर का कन्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल अब दो शिफ्टों में संचालित होगा। पहली शिफ्ट सुबह 8:30 से दोपहर 2:30 बजे तक चलेगी, जिसमें छठी से दसवीं तक की छात्राएं पढ़ेंगी। दूसरी शिफ्ट 11:00 से शाम 5:00 बजे तक होगी, जिसमें 11वीं और 12वीं की छात्राएं शामिल होंगी। पहले स्कूल का समय सुबह 10:00 से शाम 4:00 बजे तक था, लेकिन अब नई समयसारिणी के अनुसार छात्राओं को स्कूल आना होगा।