राजकीय महाविद्यालय सोलन और भाषा एवं संस्कृति विभाग सोलन के मध्य एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर के दौरान।
सोलन कॉलेज व भाषा एवं संस्कृति विभाग के बीच हुआ एमओयू
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन और भाषा एवं संस्कृति विभाग के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस एमओयू के तहत राजकीय महाविद्यालय सोलन को कोठो स्थित भाषा एवं संस्कृति विभाग के सभागार का उपयोग हर माह कम से कम एक बार शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं महाविद्यालय की गतिविधियों के आयोजन करने की अनुमति प्रदान की गई है। सभागार के उपयोग की तिथियां एवं समय पूर्व अनुमोदन लेकर निर्धारित किए जाएंगे ताकि जिला स्तर की अन्य गतिविधियों से इसका टकराव न हो। साथ ही महाविद्यालय के एनएसएस और एनसीसी स्वयं सेवक जिला स्तर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों, जन-जागरूकता अभियानों, सांस्कृतिक आयोजनों एवं सामुदायिक सेवा गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इस एमओयू का उद्देश्य शिक्षा, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देना और महाविद्यालय के छात्रों को एनएसएस और एनसीसी गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। यह समझौता महाविद्याल के छात्रों को नई संभावनाओं से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें समाज सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों में योगदान देने का अवसर प्रदान करेगा।