पहले सिर्फ शनिवार और रविवार को ही होती थी वैक्सीनेशन
सीएमओ सोलन ने अभिभावकों से अफवाहों से बचने को कहा
वैक्सीन सुरक्षित, फर्जी वीडियो पर न दें अभिभावक कोई ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण अभियान को नई गति प्रदान की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अब एचपीवी वैक्सीन प्रतिदिन लगाई जाएगी। पहले यह टीकाकरण केवल शनिवार और रविवार को ही किया जा रहा था, लेकिन अब इसे नियमित कर दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक किशोरियों को कवर किया जा सके। इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले भर में 21 टीकाकरण केंद्र तैयार किए हैं। डॉ. अजय पाठक ने टीकाकरण को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही गलत जानकारियों का खंडन किया है। उन्होंने हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वह वीडियो पूरी तरह फर्जी है और उसका टीकाकरण से कोई संबंध नहीं है। कुछ मामलों में जो शारीरिक समस्या देखी गई थी, उसके पीछे अन्य कारण थे। इसमें प्रभावित किशोरी को मछली खाने के बाद उल्टी की समस्या हुई थी, जबकि अन्य दो युवतियों को शरीर पर होने वाली खारिश का कारण स्केबिज संक्रमण था, न कि वैक्सीन का कोई साइड इफेक्ट था। उन्होंने कहा कि अभिभावक किसी भी प्रकार की अफवाह या सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे भ्रामक संदेशों पर विश्वास न करें। यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और भविष्य में होने वाले कैंसर से सुरक्षा प्रदान करती है। इस मौके पर डॉ. जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गगन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी अमित रंजन तलवाड़, डॉ. अर्पना, डाॅ. पल्लवी समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।