सोने व चांदी के आभूषण खरीदना शुभ, कई वैरायटियां तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। अक्षय तृतीया रविवार को मनाया जाएगा। इसके लिए सराफा बाजार तैयार है। खरीदारों को लुभाने के लिए आकर्षक आभूषणों का कलेक्शन दुकानों पर मौजूद हैं। सोने व चांदी की आसमान छूती कीमतों के बाद भी लोग अक्षय तृतीया पर कीमती धातु के साथ दो पहिया व चार पहिया वाहन के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की खरीद के लिए तैयार हैं। सराफा कारोबारियों ने सोने के भाव में तेजी के कारण ग्राहकों को लुभाने के लिए इस बार हल्के वजन के गहनों की नई वैरायटी पेश की है। बाजार में सोने-चांदी के सिक्कों के साथ ही हल्के वजन के गहनों की ज्यादा मांग दिखी। बाजार में इस बार नोजपिन, अंगूठी से लेकर एक से बढ़कर एक डिजाइन वाली ज्वेलरी की भी डिमांड दिख रही हैं। इन सबके बीच हीरे की चमक भी बरकरार है। सराफा कारोबारियों ने अक्षय तृतीया पर्व पर अच्छे कारोबार की उम्मीद जताई है। वहीं ग्राहकों को लुभाने के लिए कारोबारियों ने भी दुकानों को फूलों व लड़ियों से सजा दिया है। शहर के अपर बाजार, लोअर बाजार और जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों पर दो दिनों से ही भीड़ उमड़ने लग रही है। कपड़ों के शोरूम और ज्वेलरी की दुकानों और शोरूम में विशेष रौनक है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार अक्षय तृतीय पर इस बार एक अबूझ मुहूर्त (स्वयंसिद्ध शुभ समय) है, अर्थात इस दिन बिना कोई मुहूर्त देखे कोई भी नया कार्य, विवाह या खरीदारी (जैसे सोना/चांदी) की जा सकती है। इस दिन का विशेष संयोग त्रिपुष्कर योग बना रहा है, जो इसे और भी भाग्यशाली बनाता है। तृतीया तिथि 19 अप्रैल को सुबह 10:49 बजे शुरू होकर 20 अप्रैल की सुबह 7:27 बजे तक रहेगी। 19 अप्रैल को सुबह 10:49 बजे से लेकर दोपहर 12:21 बजे तक (1 घंटा 33 मिनट) तक खरीदारी के लिए सबसे अच्छा मुहूर्त है।