कुनिहार (सोलन)। कुनिहार और आसपास के क्षेत्र में इन दिनों मक्की की फसल पर फाल आर्मी वर्म का प्रकोप बढ़ने लगा है। इस कारण मक्की की फसल खराब होना शुरू हो गई है और फसल का विकास रुक गया है। इससे किसानों की चिंताएं बढ़ना शुरू हो गई हैं। कुनिहार क्षेत्र के पुलाहड़ा, कोठी, नमोल, हाटकोट सहित कई अन्य गांवों में मक्की की फसल में यह कीट देखने को मिल रहा है। हालांकि, किसान इस कीट से फसल को बचाने के लिए छिड़काव समेत अन्य विधियां अपना रहे हैं।
मक्की में इस कीट की मार से इसका विकास रुक गया है और मक्की का पौधा बीच से टूटना शुरू हो गया है। इन पौधों में फल लगना किसानों के अनुसार नामुमकिन है। किसान सोहन लाल, कृष्ण लाल, राजेंद्र कुमार, नरेश तनवर, मोहन लाल, रणजीत सिंह ने बताया कि इस बार मक्की की फसल में कीड़ा लगने से फसल बर्बाद होने लगी है। हजारों रुपयों से खेतों की बुआई, खाद और बीज पर लगाने के बाद पूरे क्षेत्र में इस कीट के कारण फसल बर्बाद होने लगी है। किसानों ने कृषि विभाग से मक्की की फसल बचाने के लिए गुहार लगाई है।
उधर, विषयवाद विशेषज्ञ मनोज ने किसानों को फसल का बीमा करवाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कीट से बाकी बची फसल को बचाने के लिए फेम छह एमएल 15 लीटर पानी में, प्रोक्लेम और सुपर 505 को 25 से 30 मिली को 15 लीटर पानी में मिला कर स्प्रे करें।