सीवरेज लाइन से जुड़े मकान मालिकों को देना होगा 30 फीसदी टैक्स
अभी तक 600 भवन मालिकों को निशुल्क दे रहे थे सीवरेज लाइन की सुविधा
वार्ड नौ, 10, 11 और 15 में बिछी हुई है लाइन, कनेक्शन भी किए जा रहे आवंटित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के सीवरेज लाइन से जुड़े मकान मालिकों को पानी के बिल पर अब 30 फीसदी सीवरेज सेस देना पड़ेगा। सेस लागू करने के लिए नगर निगम ने निर्णय ले लिया है। पानी बिल के साथ ही सेस की राशि जोड़ी जाएगी। अभी तक नगर निगम सीवरेज सेस नहीं ले रहा था। लोगों को निशुल्क सुविधा दी जा रही थी। वर्तमान में नगर निगम 600 भवन मालिकों को सेवाएं दे रहा है, जबकि शहर के अन्य हिस्सों में सीवरेज लाइन प्रस्तावित है।
नगर निगम का मानना है कि वर्षों से सीवरेज लाइन का उपयोग हो रहा है, जिसके कारण अब मरम्मत करवाने की आवश्यकता भी पड़ रही है। ऐसे में सेस लगाना जरूरी है, ताकि मरम्मत कार्य आसानी से करवाए जा सकें। वहीं शहर के अन्य हिस्सों में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को प्रस्ताव दिया गया है। आगामी दिनों में बजट मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल जिन वार्डों के लोग सीवरेज लाइन का लाभ उठा रहे हैं, उनसे सेस वसूला जाएगा। साइंटिस्ट कॉलोनी, शामती, मधुबन कॉलोनी, वार्ड छह, नौ, 10, 11 और 15 के लोग सीवरेज लाइन का लाभ ले रहे हैं। वार्डों में सीवरेज लाइन आंशिक रूप से बिछाई गई है। जहां से सीवरेज लाइन गुजर रही है वहां के छूटे हुए मकानों को कनेक्शन आवंटित किए जा रहे हैं। नगर निगम का लक्ष्य है कि 500 और मकानों को सीवरेज लाइन से जोड़ा जाए। इसके बाद इनसे भी सेस लिया जाएगा।
सीवरेज के लिए चार जोन में बांटा शहर
शहर में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए चार जोन बनाए गए हैं। डी-जोन में उन क्षेत्रों को रखा गया है जहां पहले से सीवरेज लाइन है, जबकि अन्य जोनों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट समेत लाइन बिछाने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। इससे पहले जल शक्ति विभाग ने ‘नमामि गंगे’ के तहत बजट की मांग की थी, लेकिन वह अधर में अटक गई।
उपमुख्यमंत्री से मिला था प्रतिनिधिमंडल
सीवरेज लाइन बिछाने के लिए बजट की मांग नगर निगम ने सरकार से की है। इसके लिए प्रतिनिधिमंडल स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल की अध्यक्षता में उपमुख्यमंत्री से मिल चुका है। इस दौरान महापौर ऊषा शर्मा ने प्रस्ताव भी उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को सौंपा था। आश्वासन मिला है कि जल्द स्वीकृति दी जाएगी।
500 रुपये देकर मिलेगा नया कनेक्शन
शहर में सीवरेज के नए कनेक्शन के लिए मकान मालिक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए नगर निगम ने वार्डों में फार्म बांट दिए हैं। फार्म भरकर शहरवासियों को जल शक्ति विभाग के कार्यालय में जमा करवाना होगा। इसी के साथ 500 रुपये आवेदन शुल्क भी देना होगा। इसके बाद मकानों को सीवरेज कनेक्शन से जोड़ दिया जाएगा और शहर में खुले में सीवेज का बहाव बंद होगा।
शहर के जिन वार्डों से मकान सीवरेज लाइन से जुड़े हैं, वहां पर 30 फीसदी सेस देना होगा। यह राशि अब पानी के बिल के साथ जोड़ी जाएगी। आमसभा की बैठक में सेस लगाने का निर्णय लिया गया है।
-ऊषा शर्मा, महापौर नगर निगम सोलन