राजकीय वरिष्ठ माध्यामिक विद्यालय बद्दी। संवाद
असुरक्षित घोषित कमरों को न गिराए जाने के कारण आ रही दिक्कत
स्कूल प्रबंधक ने कार्य करवाने के लिए नप को दिए हैं पैसे
कई बार स्कूल प्रबंधक कर चुका है नगर परिषद से पत्राचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी स्कूल के भवन के साथ लगता डंगा और चहारदीवारी लगाने के लिए काम अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। हैरत की बात तो यह है कि स्कूल प्रबंधन की ओर से फरवरी में कार्य करवाने को लेकर नगर परिषद को पैसा दिया था। लेकिन न तो यहां लग पाया है और न ही स्कूल मैदान में चार कमरों का गिराया गया। ऐसे में मैदान की जगह भी नहीं खुल पा रही है। नगर परिषद के साथ स्कूल प्रबंधन कई बार पत्राचार कर चुका है। इसके बाद भी कार्य नहीं शुरू हो पा रहा है। स्कूल मैदान में चार कमरे एक साल पहले असुरक्षित कर दिए हैं। इन कमरों में कोई भी कक्षा संचालित नहीं होती है। इन कमरों को भी नहीं गिराया गया है। इस कारण हादसे का खतरा बना हुआ है।
वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बद्दी में 1200 अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यहां पर स्कूल मैदान के बीच में चार कमरे हैं। जो करीब 30 साल पुराने हैं। वर्तमान में यह तीनों कमरे बैठने लायक नहीं हैं। लोनिवि ने एक साल पहले इन चारों कमरों को असुरक्षित घोषित कर दिया था। स्कूल प्रबंधन ने कमरों को नष्ट करने और भवन के साथ डंगा और चहादीवारी लगाने के लिए नगर परिषद को साढ़े तीन लाख रुपये बिल्डिंग फंड से दिए थे। मैदान के बीच में यह कमरे बच्चों को खेलने के लिए बाधा बने हुए हैं।
स्कूल के पीटीए प्रधान रामू ने बताया कि डंगा न लगने से स्कूल भवन को भी खतरा है। वहीं अगर मैदान के बीच से यह कमरे गिरा दिए जाते हैं तो मैदान काफी बड़ा हो जाएगा। यहां पर जोनल और जिला स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताएं होती हैं। लेकिन मैदान के बीच में यह कमरे बाधा बने हुए हैं। इस बारे में नप को पैसा दिया हुआ है।
उधर, नगर परिषद के अध्यक्ष तरसेम चौधरी ने बताया कि उनके पास स्कूल प्रबंधन की ओर से जो पैसा आया है वह केवल डंगा लगाने के लिए दिया गया है। कमरों को नष्ट करने के लिए स्कूल की ओर से लोनिवि से एस्टीमेट तो कराया। लेकिन अभी तक कोई फंड नहीं मिला है। डंगा लगाने के लिए टेंडर हो चुका है और एक-दो दिन के भीतर ठेकेदार काम शुरू कर देगा।