पूरा दिन अभ्यर्थियाें के आने का इंतजार करता रहा कंपनी का प्रतिनिधि
दिल्ली, पूणे, मुंबई, गुजरात, चेन्नई और बेंगलुरु में भर्ती के लिए रखे थे साक्षात्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। मॉडल कॅरिअर सेंटर सोलन जिला रोजगार कार्यालय में शनिवार को मैसर्ज बार्बेक्यू नेशन हॉस्टिपटैलिटि लिमिटेड दिल्ली की ओर से 500 पदों के लिए साक्षात्कार का आयोजन किया गया। वहीं पूरे दिन भर एक भी अभ्यर्थी साक्षात्कार देने के लिए नहीं आया। ऐसे में कंपनी की ओर से साक्षात्कार लेने के लिए आए प्रतिनिधि को भी पूरा दिन अभ्यर्थियों के आने का इंतजार करना पड़ा। वहीं अब साक्षात्कारों को भी सितंबर माह के लिए स्थगित कर दिया गया है।
मैसर्ज बार्बेक्यू नेशन हॉस्टिपटैलिटि लिमिटेड दिल्ली की ओर से यह साक्षात्कार किचन हेल्पर और स्टुअर्ड के पदों के लिए रखा गया था। इसमें अभ्यर्थियों का चयन दिल्ली, पुणे, मुंबई, गुजरात, चेन्नई और बेंगलुरु में रिक्त पदों के लिए किया जाना था। इस साक्षात्कार में उम्मीदवार के चयनित होने के बाद दिल्ली में सात दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाना था, जिसका खर्चे कंपनी की ओर से उठाया जाना था। जिला रोजगार अधिकारी जगदीश कुमार ने बताया कि साक्षात्कार सुबह 10:30 बजे से शुरू हो गए थे, लेकिन दिन भर एक भी अभ्यर्थी नहीं पहुंचा। ऐसे में अब साक्षात्कारों को स्थगित कर दिया गया है। कहा कि साक्षात्कार काफी दूर की कंपनी के लिए रखे गए थे, इस कारण भी अभ्यर्थी नहीं आए।