एचआरटीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। हिमाचल पथ परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच अर्की इकाई की बैठक इकाई अध्यक्ष बलबीर चौधरी की अध्यक्षता में पेंशनर भवन तालाब कुनिहार में हुई, जिसमें उपस्थित सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा निगम प्रबंधन एवं सरकार के विरुद्ध रोष जताया गया कि प्रदेश सरकार एवं निगम प्रबंधन जनवरी 2016 से लंबित भुगतान नहीं कर रहा। इसमें बढ़ी हुई पेंशन, ग्रेजुएटी, लीव इन कैशमेंट, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की 20 वर्ष के उपरांत दी जाने वाली दो वेतन बढ़ोतरी का एरियर और बढ़ी हुई ग्रेजुएटी के एरियर का भुगतान नही कर रही।
अध्यक्ष बलबीर चौधरी ने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पक्ष में बहुत से निर्णय हाईकोर्ट द्वारा दिए गए हैं, उन निर्णयों को भी निगम प्रबंधन लागू नही कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों के लिए प्रशासनिक ट्रिब्यूनल के गठन का निर्णय लिया गया है जो कि कर्मचारी विरोधी है, सरकार से इस निर्णय को तुरंत प्रभाव से वापिस लेने की मांग की गई। कर्मचारियों के चिकित्सा बिल दो वर्षों से लंबित पड़े हैं। निगम प्रबंधन और सरकार से आग्रह है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित पड़े समस्त भुगतानों को शीघ्रातिशीघ्र करें अन्यथा समस्त सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रदेश सरकार के वार्षिक बजट सत्र के दौरान धरना प्रदर्शन करेंगे। जिसकी सारी जिम्मेवारी निगम प्रबंधन व सरकार की होगी। बैठक में बृजलाल गर्ग, शेरसिंह ठाकुर, संतराम, अशोक कुमार, शंकर लाल, हेतराम, जगदीश गुप्ता, राजेंद्र सिंह कंवर, परसराम, रामलाल, तुलसीराम, चेतराम, हरीरा, श्यामलाल आदि ने भाग लिया।