24 से 26 मार्च तक आयोजित होगा जिला स्तरीय मनसा माता मेला
मेले की तैयारियों को लेकर किया गया है 11 कमेटियों का गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। जिला स्तरीय मनसा माता मेला धर्मपुर के आयोजन की बैठक बुधवार को विकास खंड धर्मपुर के कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह ने की, जबकि तहसीलदार कसौली जगत पाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिलास्तरीय मनसा माता मेला 24 से 26 तक किया जाएगा। तीन दिवसीय जिलास्तरीय मेले का आयोजन को लेकर 11 कमेटियों का गठन किया गया।
11 कमेटियों के सदस्यों को काम का आवंटन कर दिया गया है। इस बार मेले का आयोजन धर्मपुर बाजार से मेला मैदान तक किया जाएगी जबकि सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां धर्मपुर बाजार में लगाई जाएंगी, इसमें सभी कर्मचारी व अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। स्थानीय दुकानदारों की मांग पर मेले का आयोजन धर्मपुर बाजार से लेकर धर्मपुर स्कूल के मैदान तक व माता के मंदिर तक होगा। इसके अलावा 25 व 26 को धर्मपुर बाजार से पढाव तक नो पार्किंग जोन घोषित किया गया। लोक निर्माण विभाग पढाव से स्कूल मैदान तक सड़क की खस्ताहालत को सुधारेगा। 24 को जागरण, 25 को पहाड़ी कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। 26 की सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी कलाकार मनोरंजन करेंगे। इस बार बास्केटबाल व बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। धर्मपुर बाजार व मनसा माता मंदिर पर लाइटें लगाई जाएंगी। इस अवसर पर एपीएमसी के सदस्य महेश गुप्ता, विकास खंड अधिकारी धर्मपुर रमेश शर्मा, सुनील गोयल, भीम प्रकाश व अन्य मौजूद रहे।