जाबली पंचायत के नवनिर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन करते हुए विधायक। संवाद
कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने किया उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन): जाबली में 1.14 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने किया। उद्घाटन के दौरान विधायक ने पंचायत भवन की दोनों मंजिलों पर बने सभी कमरों का निरीक्षण भी किया। विधायक ने पंचायत भवन निर्माण के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेशभर में इस तरह के भवन बनाना पंचायतों के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि कसौली विधानसभा क्षेत्र के हर गांव को एंबुलेंस सेवा से जोड़ा जाए, ताकि बुजुर्ग, महिला, पुरुष और अन्य लोगों को सड़क सुविधा का लाभ मिल सके। इसके लिए उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि सड़क निर्माण के लिए गिफ्ट डीड करवाना जरूरी है। इस अवसर पर विधायक ने बताया कि जाबली में हिमईरा प्रोजेक्ट के तहत जल्द ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए स्टॉल बनाए जाएंगे, जिससे महिलाएं अपने उत्पादों को बेचकर आय अर्जित कर सकेंगी। मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी सभी उपस्थित लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण किए।