दो माह से बंद घर में सुबह 5 बजे घुसकर कर रहा था चोरी
सोलन। शहर के उदय विहार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 5:00 बजे चोरी की वारदात को पड़ोसियों की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। पुलिस के अनुसार, एक बंद मकान का ताला तोड़कर युवक अंदर घुस गया और चोरी का प्रयास करने लगा। मकान मालिक अश्वनी कुमार करीब पिछले 2 महीने से बाहर गए हुए थे, जिस वजह से घर में कोई नहीं था। पड़ोसियों ने बंद मकान से जैसे ही आवाजें सुनीं तो आरोपी को घर के अंदर ही बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। आरोपी की पहचान प्रवीण के रूप में हुई है, जो खुद भी पास ही किराए के कमरे में अपने परिवार के साथ रहता है। बताया जा रहा है कि वह पेशे से ड्राइवर है। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
संवाद