नोटिस जारी करने के बाद भी उपभोक्ता जमा नहीं कर रहे बिल
बोर्ड ने दिया दो दिन का समय, बिल जमा नहीं किया तो काटेंगे कनेक्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी में 3,000 उपभोक्ताओं ने दो माह से बिजली का बिल जमा नहीं कराया है। इससे बिजली बोर्ड के करोड़ों रुपये का भुगतान लंबित है। बोर्ड की ओर से कई बार इन उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर दिए हैं लेकिन उसके बावजूद भी इन उपभोक्ताओं ने पैसा जमा नहीं कराया है। अब बोर्ड ने इनके बिजली के कनेक्शन काटने का फैसला लिया है।
बद्दी, बरोटीवाला व मानपुरा क्षेत्र के तीन हजार ऐसे उपभोक्ता हैं। इनमें घरेलू व व्यवसायिक दोनों ही प्रकार के उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं को बोर्ड की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए, मगर इन्होंने बिल जमा नहीं करवाया। अब बोर्ड ने फैसला लिया है कि अगर 28 जून तक यह बिल जमा नहीं करवाते तो उनके बिजली कनेक्शन कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
उधर, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता दीपक वर्मा ने बताया कि डिफाल्टरों ने नोटिस के बावजूद बिल जमा नहीं करवाया। अगर दाे दिन में उन्होंने बिल जमा नहीं करवाया तो उनके बिजली के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। उसके बाद उन्हें नया कनेक्शन लेने के लिए दोबारा से सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।