संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा नौणी विवि की ओर से आगामी पांच दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान और कृषि परामर्श जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में अगले पांच दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, जिले के अधिकांश हिस्सों में 26 से 27 जून के बीच तेज हवाएं चलने, आंधी-तूफान आने और बिजली कड़कने की आशंका है। इसके अलावा, 25 से 29 जून के दौरान हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 17.45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। तेज हवाओं के कारण टमाटर और अन्य सब्जियों के पौधे गिर सकते हैं या उनके तने टूट सकते हैं। इससे बचाव के लिए किसानों को सलाह दी गई है कि वे पौधों को स्टैकिंग (लकड़ी या रस्सी का उचित सहारा) दें। बीमारियों से बचाव के लिए जमीन की सतह से 10-15 सेंटीमीटर ऊपर तक की निचली पत्तियों को हटा दें और खेतों में जल निकासी के लिए उचित नालियां बनाएं।
सेब व बेर की खेती
हवा में नमी बढ़ने के कारण सेब की फसल में स्कैब और अल्टरनेरिया लीफ स्पॉट का खतरा बढ़ सकता है। यदि पत्तों पर धब्बे दिखें, तो साफ मौसम में 10-12 दिनों के अंतराल पर मेटिराम 55 प्रतिशत प्लस पाइराक्लोस्ट्रोबिन 5 प्रतिशत (200 ग्राम प्रति 200 लीटर पानी) का छिड़काव करें। बेर के बगीचों में गिरे हुए खराब फलों को इकट्ठा करके जमीन में कम से कम 45 सेंटीमीटर नीचे गड्ढे में दबा दें।