संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। सोलन में होने जा रहे मां शूलिनी मेले के लिए एसडीएम नालागढ़ की ओर से अधिवक्ताओं पर चंदा देने को लेकर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए बार एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है।
अधिवक्ताओं ने बुधवार को एसडीएम नालागढ़ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने एसडीएम से कहा कि वह बार एसोसिएशन कक्ष में आकर माफी मांगे अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने तहसीलदार एवं कार्यवाहक एसडीएम निशा आजादको ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष सेवा सिंह, अधिवक्ता जगतार सिंह राणा, विशाल शर्मा, साहिल जंडे, राम कुमार, गुरदीप सिंह, कुलबीर, डीके कौशल आदि कोर्ट परिसर में इकट्ठा हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे।
अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ता साहिल जंडे अपने ग्राहक के साथ एसडीएम कार्यालय में मैरिज प्रमाण पत्र लेने गए तो एसडीएम ने उनके क्लाइंट को शूलिनी मेले के नाम पर 1100 रुपये की पर्ची काटने को कहा। उसने कहा कि अभी उसके पास सिर्फ 500 रुपये हैं। उसके बाद एसडीएम भड़क गए और उन्होंने व्यक्ति को काफी कुछ सुनाया।
सेवा सिंह ने कहा कि एसडीएम के पास कोई ऐसी शक्ति नहीं है जो उनकी फीस को लेकर बयानबाजी करें। मेले के लिए पर्ची काटना कोई अनिवार्य नहीं है। एसडीएम धक्केशाही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसडीएम बार एसोसिएशन कक्ष में आकर माफी मांगे अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बाद में प्रदर्शनकारियों ने कार्यवाहक एसडीएम निशा आजाद को ज्ञापन सौंपा। निशा आजाद ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि की है।