पंज प्यारे और गुरु की पालकी करती रही गुरुवाणी व सिमरन
जगह-जगह लगाए गए थे भंडारे, लोगों ने किया प्रसाद ग्रहण
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी क्षेत्र के सबसे बड़े ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब कड़ुआना-गुल्लरवाला-लेही में गुरुद्वारा साहिब के संस्थापक संत बाबा सुंदर सिंह की बरसी पर नगर-कीर्तन निकाला गया। गुरुद्वारा साहिब के मुख्य प्रबंधक सरदार हरभजन सिंह ने बताया कि नगर-कीर्तन सुबह 11:15 बजे गुरुद्वारा साहिब से गुल्लरवाला, वर्धमान चौक, लेही, मखनूमाजरा, भूड्ड, मलपुर, चक्का, हाउसिंग बोर्ड से होते हुए वापस गुरुद्वारा साहिब में संपन्न हुआ। नगर-कीर्तन में सबसे आगे बैंड बाजा, उसके पीछे गतका पार्टी अपने करतब दिखाते हुए प्रस्थान कर रही थी। उसके बाद गुरु के पंज प्यारे और गुरु की पालकी के साथ संगत गुरुवाणी सिमरन करते हुए निकली। कड़ुआना में सुखवीर चौधरी, गुरुदेव चौधरी, गुल्लरवाला में गुरदीप चौधरी, सीता राम चौधरी, साई रोड गुल्लरवाला में डॉ. धर्मपाल धीमान, मास्टर गुरमेल चौधरी, वर्धमान चौक में सुरेंद्र सिंह लादी, मक्खलूमाजरा में भगत राम, दलेर चौधरी, रणजीत, गुरबचन सिंह आदि ने जलपान प्रसाद, हलवा, केले, फ्रूटी, आइसक्रीम, पानी पिलाकर स्वागत किया। अध्यक्ष ने बताया कि नगर-कीर्तन के दौरान गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी के लिए नए ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि आगामी तीन दिन तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान गुरुद्वारा साहिब में अटूट लंगर चलता रहेगा।
गुरदित्ता सिंह ने भेंट किया ट्रैक्टर
इससे पूर्व सुबह गुरुद्वारा साहिब में धखडूमाजरा गांव के दानी सज्जन गुरदित्ता सिंह ने जोहनडेरा 5220 कंपनी का ट्रैक्टर दान किया। गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष महिमा चौधरी ने इस नेक कार्य के लिए दानी सज्जन का आभार प्रकट किया।