मात्र तीन वार्डों में 1.27 करोड़ बकाया, सात दिनों में भुगतान न करने पर कटेगा बिजली-पानी
निगम हुआ सख्त, हाउस होल्डरों के पास 10 करोड़ का टैक्स बकाया
घर-घर जाकर देंगे नोटिस, अब तक 4.26 करोड़ रुपये की हुई रिकवरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नगर निगम सोलन ने हाउस टैक्स न चुकाने वाले डिफॉल्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम प्रशासन ने ऐसे सभी भवन मालिकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। अभी तक तीन वार्डों में 248 भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनसे ही 1.28 करोड़ रुपये की रिकवरी की जानी है। वहीं, कुल 17 वार्डों में करीब 10 करोड़ रुपये का संपत्ति कर बकाया है।
यदि नोटिस मिलने के सात दिनों के भीतर बकाया टैक्स का भुगतान नहीं किया गया तो बिना किसी अग्रिम सूचना के बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। वार्ड नंबर एक से नोटिस देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और चरणबद्ध तरीके से इसे सभी वार्डों में लागू किया जाएगा।
निगम द्वारा ये नोटिस मोबाइल संदेश के बजाय भवन मालिकों को घर-घर जाकर दिए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, नगर निगम का कुल हाउस टैक्स करीब 10 करोड़ रुपये बकाया है, लेकिन चालू वित्त वर्ष में अब तक महज 4.26 करोड़ रुपये की ही रिकवरी हो पाई है। शहर में कई ऐसे भवन मालिक भी हैं, जिन्होंने पुरानी नगर परिषद के समय का कंजरवेंसी टैक्स भी जमा नहीं कराया है।
टैक्स का भुगतान न होने से नगर निगम की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। इससे नए विकास कार्य शुरू करने के लिए बजट की कमी महसूस हो रही है। यहां तक कि कर्मचारियों को समय पर वेतन देना भी मुश्किल हो रहा है।
पानी के 1,386 डिफॉल्टरों से 3.02 करोड़ रुपये की वसूली बाकी
सोलन में वर्ष 2020 में नगर निगम का गठन हुआ था और वर्ष 2022 से हाउस टैक्स लागू किया गया था। निगम में केवल हाउस टैक्स ही नहीं, बल्कि पानी के बिलों के भी 1,386 डिफॉल्टर हैं, जिनसे करीब 3.02 करोड़ रुपये की वसूली होनी बाकी है। कनेक्शन काटने के अभियान के बाद निगम अब तक 90 लाख रुपये की रिकवरी करने में कामयाब रहा है। इसके अलावा, कूड़े के बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं का भी रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और जल्द ही उन्हें भी नोटिस थमाए जाएंगे।
कोट
हाउस टैक्स न भरने वाले सभी भवन मालिकों को वार्डवार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यदि सात दिनों के भीतर टैक्स जमा नहीं कराया गया तो नियमानुसार बिजली और पानी के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक वार्ड नंबर एक से तीन तक करीब 248 डिफॉल्टरों को नोटिस दिए गए हैं। इनसे करीब 1.28 करोड़ रुपये की रिकवरी की जानी है। वहीं, पूरे शहर में करीब 10 करोड़ रुपये की वसूली की जानी है। इसमें से अब तक 4.26 करोड़ रुपये की रिकवरी हुई है, जिसमें कुछ राशि लोगों ने स्वयं जमा की है। -सुषमा शर्मा, महापौर, नगर निगम सोलन