हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती सिरमौर कल्याण मंच ने धूमधाम से मनाएगा। यह फैसला सह निर्णय मंच की बैठक में लिया गया। इसकी अध्यक्षता प्रधान बलदेव चौहान ने की। बताया कि डॉ. परमार जयंती पर सुबह से लेकर शाम तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल कार्यक्रम के मुख्यातिथि होंगे।
पूर्व विधायक एवं डॉ. परमार के पुत्र कुश परमार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। 4 अगस्त को सुबह 9 बजे सोलन के चिल्ड्रन पार्क स्थित डॉ. परमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद 10 बजे रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। सिरमौर कल्याण मंच के सदस्यों के अलावा सोलन के युवा भी इस दिन रक्तदान शिविर में आकर हिमाचल निर्माता को श्रद्धांजलि देते हैं। इसके अलावा 11 बजे कवि गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 4 बजे से शुरू होंगे। इस बार उत्तराखंड के चकराता का जौंसार बाबर कलामंच के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
डॉ. जगमोहन और डॉ जया होंगे सम्मानित
मंच हर साल देश-विदेश में सिरमौर का नाम विभिन्न विधाओं में रोशन करने वाले लोगों को भी सम्मानित करता है। इसी कड़ी में इस बार हिमाचल प्रदेश में बागवानी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले और डॉ परमार यूनिवर्सिटी के पूर्व वाइस चांसलर डॉ जगमोहन सिंह को डॉ परमार सम्मान और पीजीआई चंडीगढ़ में ईएटी विभाग की एडिशनल प्रोफेसर डॉ. जया बख्शी को सिरमौर सम्मान से नवाजा जाएगा।
यह रहे बैठक में मौजूद
बैठक में मंच के महासचिव गगन चौहान, कंवर वीरेंद्र सिंह, शूरवीर सिंह, पदम पुंडीर, राजेंद्र गुरंग, नवीन निश्चल, कंवर अजय सिंह, बृजमोहन सिंह, भूपेंद्र सिंह, अनिल पुंडीर, डॉ. रामगोपाल शर्मा, संदीप शर्मा, संजीव गौतम, दर्शन सिंह पुंडीर और शर्माचंद शर्मा समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।