झिड़ीवाला गुरुद्वारा के समीप हुआ हादसा,ड्यूटी से लौट रहा था प्रवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ दभोटा मार्ग पर झिड़ीवाला गुरुद्वारा के समीप एक ट्रक की चपेट में बाइक आने से एक युवक की मौत हो गई है। जबकि दूसरा घायल हुआ है। पुलिस ने मृतक का नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। नालागढ़ में लगातार यह तीसरे दिन भी दुर्घटना में युवक की जान गई है। पुलिस के अनुसार गोल जमाला निवासी परमजीत सिंह अपने साथी अंकित कुमार के साथ कंपनी से ड्यूटी करने के बाद ब्राह्मण माजरा स्थित अपने कमरे की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह झिड़ीवाला गुरुद्वारा के समीप पहुंचे तो दूसरे ओर से एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इस टक्कर से बाइक सवार परमजीत व उसका साथी अंकित कुमार गिर गए। अंकित कुमार के सिर में चोट लगी जिससे वह बेहोश हो गया। जबकि परमजीत को हल्की चोट आई। बेहोशी की हालत में अंकित को एंबुलेंस से नालागढ़ अस्पताल में पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक युवक अंकित कुमार पुत्र राज किशोर भारती बिहार का रहने वाला था। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।