सोलन। जिला सोलन में बारिश कहर बरपा रही है। वीरवार देर शाम से हो रही बारिश शुक्रवार को भी जारी रही। इस मानसून सीजन में अभी तक बारिश से लोक निर्माण विभाग को 20 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। एक दर्जन से अधिक मार्ग बंद हो गए हैं। वहीं जल शक्ति विभाग को अभी तक एक करोड़ का नुकसान हुआ है जबकि पिछले दो दिनों के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
जिला भर में विभाग की करीब एक दर्जन योजनाओं में गाद आने से पानी की लिफ्टिंग का कार्य भी रुक गया है। इस वजह से जलापूर्ति भी प्रभावित हुई है। नगर परिषद सोलन को बारिश से करीब 50 लाख का नुकसान हुआ है। इसमें सोलन मधुबन कॉलोनी में डंगा गिरने से एक घर को भी खतरा बन गया है। नप टीम ने मौके पर पहुंच कर सुरक्षा के इंतजाम शुरू कर दिए हैं। एसई एसपी जगोता ने बताया कि बारिश से अभी तक जिले में 20 करोड़ का नुकसान हुआ है। इसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। वहीं बंद मार्गों को खोलने का कार्य किया जा रहा है।
एक्सईएन आईपीएच सुमित सूद ने बताया कि बारिश से करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी सोलन ललित कुमार ने बताया कि बारिश से 50 हजार का नुकसान हुआ है। इसमें एक घर को भी खतरा हो गया है। इसमें घर को सुरक्षित करने के लिए मौसम साफ होते ही डंगे का कार्य किया जाएगा।