दून वैली पब्लिक स्कूल, नालागढ़ में मॉक ड्रिल करते हुए छात्र स्रोत: स्कूल
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। दून वैली पब्लिक स्कूल नालागढ़ में शनिवार को विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य बच्चों को प्राकृतिक आपदाओं के समय सुरक्षा के उपायों की जानकारी देना था। मॉकड्रिल के दौरान छात्रों को भूकंप और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव एवं उनके समाधान के बारे में समझाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने विशेष रूप से भूकंप की स्थिति में किए जाने वाले सुरक्षात्मक कदमों पर प्रकाश डाला। उन्हें बताया गया कि भूकंप आने की स्थिति में घबराने की बजाय तुरंत सिर पर कोई ठोस वस्तु रखकर डेस्क, बेंच या टेबल के नीचे सुरक्षित स्थान पर छिप जाएं और जैसे ही अवसर मिले, खुले स्थान पर शांतिपूर्वक पहुंच जाए। आपदा से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए शिक्षकों ने बताया कि यदि कोई बाहर हो, तो पेड़ों के नीचे छिपने के बजाय उसी स्थान पर बैठ जाएं और सिर को किसी किताब या अन्य वस्तु से ढक लें। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार की मॉकड्रिल से बच्चों में आपदा के समय सही निर्णय लेने की क्षमता का विकास होता है, जो भविष्य में उन्हें सुरक्षित रखने में सहायक सिद्ध होगा ।