कसौली उपमंडल के 22 विभाग मिलकर सीखेंगे आपदा प्रबंधन के गुर
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। आपदा से निपटने की तैयारियों को पुख्ता करने के लिए राज्यस्तरीय दसवीं मेगा मॉकड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार शाम 7:00 बजे सुक्कीजोहड़ी-गढ़खल (वाया सनावर स्कूल) के पास नेचर कैंप में विशेष मॉकड्रिल अभ्यास किया जाएगा।
मॉकड्रिल के लिए एसडीएम कसौली की ओर से उपमंडल के तहत आने वाले सभी 22 विभागों के विभागाध्यक्षों को कार्यालय आदेश जारी कर इसमें शामिल होने के निर्देश दे दिए हैं। इस मेगा मॉकड्रिल का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं के समय होने वाले नुकसान को कम करना है।
अभ्यास के दौरान मुख्य रूप से भूकंप और बादल फटने जैसी अचानक आने वाली आपदाओं के समय त्वरित बचाव कार्य, जंगलों में लगने वाली आग से वन संपदा को होने वाले नुकसान को रोकने के उपाय, आपदा के समय प्रभावित क्षेत्रों तक जल्द से जल्द राहत सामग्री पहुंचाने की रणनीति और घायल लोगों को सुरक्षित निकालकर तुरंत अस्पताल तक पहुंचाने का व्यावहारिक अभ्यास शामिल रहेगा।
गौरतलब है कि हर साल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आने वाली प्राकृतिक आपदाओं के कारण अरबों रुपये का नुकसान होता है और कई जानें चली जाती हैं। ऐसे कठिन समय में विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए यह अभ्यास बेहद जरूरी है।
इस मेगा मॉकड्रिल में वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड, हिमुडा, जल शक्ति विभाग, बीडीओ, बीएमओ के साथ-साथ कसौली कैंट और एयरफोर्स कसौली समेत अन्य प्रमुख विभागों के उच्च अधिकारी व टीमें विशेष रूप से मौजूद रहेंगी।