नालागढ़ बाजार में एनसीसी कैडेट्स नुक्कड़ नाटक का मंचन करते हुए- स्रोत- कालेज।
नालागढ़ कॉलेज के 50 विद्यार्थियों ने लिया भाग, नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में नशामुक्त भारत अभियान विकसित भारत की पहचान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, रोवर्स एवं रेंजर्स सहित करीब 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना था। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर की गई। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। इसके बाद महाविद्यालय परिसर से मुख्य बाजार तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नारे लगाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एनसीसी की कन्या कैडेट्स की ओर से प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। नाटक के माध्यम से नशे की लत के कारण व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्राचार्य डॉ. ललित गुलेरिया, उप प्राचार्य डॉ. अनुज साहनी और अन्य प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प भी दिलाया गया।