संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ ने जिला कैडर यथावत रखने की उठाई मांग
सरकार नहीं मानी तो 17 जुलाई की कुल्लू बैठक में लिए जाएंगे कड़े फैसले
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ बद्दी इकाई की बैठक मंगलवार को बद्दी में हुई। इसमें पटवारी एवं कानूनगो का जिला संवर्ग यथावत रखने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई गई। महासंघ ने कहा कि अगर सरकार ने यह निर्णय नहीं बदला तो कलम छोड़ हड़ताल की जाएगी।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री, डीसी सोलन व एसडीएम को भेजे पत्र में महासंघ ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से 12 जुलाई की कैबिनेट बैठक में पटवारी एवं कानूनगो को जिला संवर्ग से राज्य संवर्ग करने का फैसला लिया गया है। जिसके संदर्भ में संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ हिमाचल प्रदेश की आपातकालीन बैठक 13 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से राज्य प्रधान सतीश चौधरी का अध्यक्षता में की गई थी। सभी जिला प्रतिनिधियों ने सरकार की ओर से लिए गए निर्णय का कड़ा विरोध जताया। महासंघ सरकार के निर्णय का पुरजोर विरोध करता है। महासंघ पूर्व में सरकार से इस विषय पर विभिन्न मंचों पर आग्रह कर चुका है। परंतु उन मंचों से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बावजूद भी इस निर्णय को थोपा जाना चिंताजनक है।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि उक्त निर्णय के विरोध से समूचे प्रदेश में पटवारी एवं कानूनगो द्वारा सभी प्रकार का ऑनलाइन कार्य एवं व्हाट्स एप ग्रुप सोमवार को तुरंत प्रभाव से बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के इस निर्णय को वापिस नहीं लिया जाता तो 17 जुलाई को जिला कुल्लू में महासंघ द्वारा पूर्व निर्धारित बैठक में इससे भी और ज्यादा कड़े निर्णय लिए जाएंगे। इस दौरान बद्दी इकाई ने मंगलवार को सरकार को ज्ञापन भेजा। जिसमें इकाई के प्रधान जय प्रकाश, सचिव दिनेश कुमार , कोषाध्यक्ष गुरमीत कौर, अरुण कुमार दफ्तर कानूनगो, बलविंदर सिंह, सुशील कुमार, मदन लाल, विक्की, अजय सिंह, रोहित शर्मा व राजेश कुमार मौजूद रहे।