हरभजन सिंह चौधरी चेयरमैन और जगदीश जग्गी बने महासचिव
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। एशिया की सबसे बड़ी ट्रक यूनियन नालागढ़ के चुनाव में विद्या रतन को सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया। विद्या रतन इससे पहले 2014 से लेकर 2023 तक यूनियन के प्रधान रहे हैं। इसके अलावा पूर्व प्रधान हरभजन चौधरी को चेयरमैन व जगदीश जग्गी को महासचिव मनोनीत किया गया।
नालागढ़ के एसडीएम नरेंद्र आहलुवालिया की देखरेख में ट्रक यूनियन के सभागार में चुनाव हुए। पूर्व प्रधान हरभजन सिंह चौधरी ने प्रधान पद के लिए विद्या रतन का नाम रखा। सभी ट्रक ऑपरेटरों ने समर्थन किया। इसके बाद महासचिव पद के लिए जगदीश जग्गी को सर्वसम्मति से चुना गया। नवनिर्वाचित प्रधान विद्या रतन ने हरभजन चौधरी का नाम चेयरमैन के लिए रखा। इस मौके पर नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा ने कहा कि आपस में मिलजुलकर काम करें। कार्य को बढ़ाने के लिए काम करें। न की आपस में उलझे। ट्रक यूनियन से गरीब लोगों की रोजी रोटी चल रही है। दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने बताया कि उनके पूर्वजों ने पौधा लगाया है। इसको बचाने के लिए सभी का योगदान जरूरी है। उनका परिवार आज तक ट्रक यूनियन की सेवा करता आया है आगे भी करता रहेगा। अगर यूनियन पर कोई बाहरी ताकतें तोड़ने की प्रयास करेंगी तो वह कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। वहीं, पूर्व विधायक लखविंद्र राणा ने कहा कि यूनियन के प्राइमरी सदस्य हैं और विधानसभा में ट्रक संचालकों की समस्याओं को हमेशा उठाया है। केएल ठाकुर ने कहा कि सभी लोग एकजुट होकर कार्य करें। यूनियन सभी की रोजी रोटी है। इसको मजबूत करने का प्रयास करें।
ट्रक यूनियन के प्रधान विद्या रतन ने कहा कि सभी ट्रक संचालकों व उद्योगों के साथ मिलकर काम को बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। अगर उद्योग हैं तभी ट्रक यूनियन है। जो ट्रांसपोर्टर भाड़ा देरी से दे रहे हैं उसे अब सुचारु करें। इससे ट्रक संचालकों को नुकसान उठाना पड़ता है। कुछ उद्योग अपना सामान ईवे बिल को बाहरी राज्यों के कटवाते हैं लेकिन सामान को हरियाणा के मंड़ावाला में ट्रांसमिट करा देते हैं जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर ट्रक ऑपरेटर सोसायटी के प्रधान जितेंद्र जिंदू, समाज सेवा हरप्रीत सैणी, इंद्रजीत सिंह, मनन चौधरी, गुरमेल चौधरी, राजेंद्र झल्ला, सुरजीत चौधरी, कृष्ण कौशल, ईश्वर ठाकुर, जगजीत सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।