किसान सभा के जिला सम्मेलन में 30 प्रतिनिधियों ने लिया भाग
टमाटर-लहसुन प्रसंस्करण संयंत्र लगाने और सब्जियों पर एमएसपी देने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल किसान सभा की जिला कमेटी सोलन का जिला स्तरीय सम्मेलन रविवार को हुआ। सम्मेलन में जिलाभर से 30 सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें एडवोकेट नितिश ठाकुर को अध्यक्ष और पीएल वर्मा को सचिव चुना गया। मनोहर मेहता को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अशोक वर्मा, उपाध्यक्ष पद पर केशव, विकास ठाकुर व रूप सिंह तथा संयुक्त सचिव पद पर चंद्र दत्त शर्मा व टेक चंद का चयन किया गया।
सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यातिथि किसान सभा के राज्य अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह तंवर ने किया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर वर्तमान समय तक किसान सभा की ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों, प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते और बीज विधेयक की कड़ी आलोचना की।
सम्मेलन में किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें मुख्य रूप से क्षेत्र में टमाटर और लहसुन के प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने तथा टमाटर व अन्य सब्जियों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने की मांग की गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार किसानों की जायज मांगों को जल्द पूरा नहीं करती है, तो आने वाले दिनों में प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।