बद्दी पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसपी बिशेर सिंह ने पुलिस अधिकारियों को ईमानदारी और निष्पक्षता से अपनी ड्यूटी करने के निर्देश दिए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा रात्रि की गश्त बढ़ाएं और खोजी कार्य अधिक करें। लंबित कार्यों को जल्द निपटाने को कहा।
साथ ही बीबीएन में रात के दौरान होने वाले खनन कार्य पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का आह्वन किया। कहा कि कोई भी वाहन खनन सामग्री लेकर आए चाहे उसके पास एम फार्म क्यों न हो उसका चालान काटें।
उन्होंने कहा कि यह फैसला इसलिए लिया है कि बीबीएन में रात्रि के दौरान ही खनन कार्य हो रहा है। इसके अलावा अवैध शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों पर पैनी नजर रखें।
रिजर्व बटालियन की दो टुकड़ियां बद्दी पुलिस जिले को दी हैं। इनके जवान खनन, अवैध शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने में स्थानीय पुलिस को सहयोग करें।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि यातायात को सुचारु रूप से चलाने के लिए अपने अपने थाना क्षेत्र में बेलगाम वाहन चालक पर शिकंजा सकें। बैठक बद्दी के डीएसपी गौरव सिंह, नालागढ़ के खजाना राम, बरोटीवाला के थाना प्रभारी दया राम ठाकुर, बद्दी के फिरोज खान, नालागढ़ के कमल चंद और रामशहर के रणजीत सिंह समेत सभी चौकी प्रभारी और यातायात प्रभारियों ने भाग लिया।