बंदूक लाइसेंस बनाने के लिए 500 रुपये फीस ली जाएगी
अस्पताल परिसर में सोलर लाइटों को लगाया जाएगा
अस्पताल की रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिए गए कई निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। नालागढ़ अस्पताल में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए मेडिकल कराने की फीस को 250 से बढ़ाकर 300 रुपये और बंदूक लाइसेंस की मेडिकल फीस को 300 से बढ़ाकर 500 रुपये करने को मंजूरी दी गई। साथ ही अस्पताल परिसर अब सोलर लाइटों की रोशनी से गुलजार होगा। यह निर्णय वीरवार को अस्पताल की रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिया गया।
नालागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रोगी कल्याण समिति की हुई बैठक में चेयरमैन और एसडीएम दिव्यांशु सिंगल की अध्यक्षता में सचिव एवं बीएमओ मुक्त रस्तोगी ने पिछले साल के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। साथ ही वर्ष 2024-25 के लिए 1,52,68,707 रुपये और 1,40,11,489 रुपये के अनुमानित व्यय प्रस्ताव को भी प्रस्तुत किया जिसे समिति ने स्वीकार कर लिया गया।
बैठक में सीएचसी नालागढ़ में पहले से ही विभिन्न विभागों में कार्यरत सभी आउटसोर्स कर्मचारियों की सर्विस जारी रखने की मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में इस बात पर चर्चा की गई अस्पताल में बिजली की खपत काफी ज्यादा है। इसके खर्चे को कम करने का प्रस्ताव रखा गया कि अस्पताल परिसर में सोलर लाइटें लगवाई जाएं और इस कार्य को कई चरणों में पूरा किया जाएगा।
बैठक में जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के मुफ्त अल्ट्रासाउंड की सुविधा को पहले की तरह जारी रखने का निर्णय लिया गया, जिसमें समिति की ओर से निजी केंद्रों को 200 रुपये प्रति अल्ट्रासाउंड की दर से भुगतान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त समय-समय पर दवा, उपकरण और अस्पताल में प्रयुक्त होने वाली सामग्री खरीदने को भी मंजूरी दी गई।
इसके अलावा सीएचसी रामशहर और सीएचसी लोहारघाट की रोगी कल्याण समितियों की बैठक करके उनसे संबंधित मुद्दों पर भी विचार किया गया। बैठक जिला परिषद सदस्य राहुल शर्मा, खंड विकास कार्यालय से आशा रानी, जलशक्ति विभाग से कनिष्ठ अभियंता मेवा सिंह, लोनिवि से कनिष्ठ अभियंता राजेश कुमार सहित सभी सदस्य मौजूद रहे।