फाइनल मैच में सिंधिया स्कूल को आठ रनों से हराया
शैरी सिंह को दिया गया प्लेयर ऑफ दी टूर्नामेंट का खिताब
देश के पांच स्कूलों के पुराने छात्रों की टीमों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ओल्ड सनावरियन सोसाइटी की ओर से आयोजित नौवीं एलुमनाई क्रिकेट बैश (एसीबी)-2024 प्रतियोगिता मेयो कॉलेज अजमेर ने जीती। विजेता टीम ने सिंधिया स्कूल ग्वालियर को एक रोमांचक मुकाबले में आठ रनों से हराया।
चंडीगढ़ के समीप पीसीए मुल्लांपुर स्टेडियम में हुए फाइनल मुकाबले में मेयो कालेज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। योगराज सिंह (50) के नाबाद अर्धशतक और शैरी सिंह के 30 रनों की बदौलत मेयो कालेज ने आठ विकेट खोकर 154 रन बनाए। आयुष अग्रवाल ने 25 रन देकर तीन विकेट चटकाए। जवाब में सिंधिया स्कूल ने 94 रनों पर अपने चार बल्लेबाज गवां कर संघर्ष दिखाया। उसके बाद कार्तिक चौहान ने नाबाद 51 रन बनाए और मैच को अंतिम ओवर तक पहुंचाया। मगर सिंधिया स्कूल की टीम सात विकेट पर 146 रन ही बना पाई और आठ रन से मैच हार गई।
मैच में तीस रन बनाने, दो विकेट और तीन कैच लेने के लिए शैरी सिंह को मैन आफ द मैच दिया गया। लॉरेंस स्कूल के संग्राम सिंह ने टूर्नामेंट में चार मैचों में 165 रन बनाए। मेयो कॉलेज के शैरी सिंह को बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और बेस्ट बैटर के खिताब से नवाजा गया जबकि सिंधिया स्कूल के कार्तिक चौहान को बेस्ट बॉलर, सिंधिया स्कूल के ही अभय खन्ना को बेस्ट फील्डर के खिताब से नवाजा गया। दून स्कूल के दिनेश रेड्डी को बेस्ट विकेट कीपर का खिताब दिया गया। ओएसएस के अध्यक्ष पंकज सप्रू ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। इससे पूर्व मेयो कॉलेज अजमेर ने ओएसएस को लीग मैच में 40 रनों से हराकर लीडर बोर्ड में टॉप टू में जगह बनाई और फाइनल में प्रवेश किया।