मोबाइल, टीवी समेत इलेक्टि्रक दुकानदारों ने भी लगाया फेस्टिवल ऑफर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शारदीय नवरात्र को लेकर जिले के बाजार सज गए हैं। इस बार भी कारोबारियों और दुकानदारों को फेस्टिवल सीजन में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। इस बार एक अरब से ऊपर के कारोबार की उम्मीद है।
अच्छे कारोबार की उम्मीद का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नवरात्र में वाहन खरीदने वालों ने बुकिंग करवानी शुरू कर दी है। जीएसटी के नए नियमों के बाद लोगों ने अधिकांश वाहनों की बुकिंग करवा ली है। इसके साथ ही वाहन भी सस्ते हुए हैं। सोलन में केवल रविवार को ही कार और अन्य वाहनों के शोरूम में 300 से अधिक वाहनों की बुकिंग हुई।
इसके अलावा मोबाइल, टीवी समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में भी लोगों ने बुकिंग करवाई है। लोगों का कहना है कि वे नवरात्रि में मां के आशीर्वाद के बाद नया सामान खरीदेंगे। दुकानदारों ने फेस्टिवल सीजन में अच्छा कारोबार होने के लिए विभिन्न ऑफर भी पेश किए हैं, जबकि कई अन्य दुकानदार ऑफर बनाने में जुटे हैं और आगामी दिनों में इसे लागू करेंगे।