सुबाथू में धरना प्रदर्शन करते छात्र। संवाद
कारोबारियों ने किया समर्थन, फैसला रद्द करने की उठाई मांग
मुख्यमंत्री जी मान भी जाओ, कॉलेज छात्राओं ने लगाए नारे
एनएसयूआई ने भी किया शांतिपूर्ण प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू(सोलन)। सुबाथू कॉलेज की सरकारी मान्यता रद्द होने के विरोध में कॉलेज विद्यार्थियों ने बुधवार को सुबाथू बाजार में मुख्यमंत्री जी मान जाओ, सुबाथू कॉलेज वापस करो के नारे लगाए। इस मौके पर सुबाथू व्यापार मंडल ने भी विद्यार्थियों के समर्थन में दोपहर 1:00 बजे तक बाजार बंद कर सरकार से कॉलेज की मान्यता रद्द करने के फैसले को वापस लेने की मांग उठाई। कॉलेज के विद्यार्थियों ने सनातन धर्म मंदिर के सामने धरना प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से कॉलेज के छात्र-छात्राओं के भविष्य के बारे में सोचने की गुहार लगाई।
इस मौके पर सुबाथू कॉलेज के सचिव रहे मनीष गुप्ता ने कहा कि सुबाथू कॉलेज के सभी फंड व सुविधाएं प्रदेश सरकार को शपथ पत्र के साथ सौंपी जा चुकी हैं। इसके बावजूद भी सरकार कॉलेज मामले में भ्रांतियां फैला रही है। कहा की करीब 42 सालों से चल रहे कॉलेज को प्रदेश सरकार असुरक्षित घोषित कर रही, जो किसी भी तरीके से न्याय संगत नहीं है। वहीं सुबाथू छावनी के मनोनीत सदस्य रवि शर्मा ने कहा कि सुबाथू छावनी में कॉलेज को सरकारी दर्जा के लिए सुबाथू छावनी को कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन कॉलेज मामले में कुछ लोग भ्रांतियां फैला रहे हैं।
उधर, दूसरी ओर कॉलेज के एनएसयूआई के विद्य्रार्थियों ने भी सरकार से सुबाथू कॉलेज की मान्यता रद्द करने के फैसले को वापस लेने की मांग शांतिपूर्वक तरीके से उठाई। एनएसयूआई की छात्राओं ने रैली में भाग न लेकर सुबाथू बस अड्डे पर धरना जारी रखा। कहा कि हम अन्य दलों की तरह कॉलेज के मामले को राजनीति में नहीं डालना चाहते बल्कि सरकार से शांतिपूर्वक तरीके से कॉलेज को सरकारी दर्जा दिए जाने की गुहार लगा रहे हैं।
सुबाथू में धरना प्रदर्शन करते छात्र। संवाद