वर्तमान में सचिवालय में क्लर्क पद पर दे रहे हैं सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी कुनिहार (सोलन)। कुनिहार के भाट की हट्टी गांव के युवक मनीष राय ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की है। उनका चयन खंड विकास अधिकारी के पद पर हुआ है। इससे क्षेत्र में खुशी की लहर है और उनके घर पर लोग बधाइयां देने पहुंच रहे हैं। 29 वर्षीय मनीष राय वर्तमान में हिमाचल प्रदेश सचिवालय में बतौर क्लर्क सेवाएं दे रहे हैं।
मनीष राय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बढ़लग से प्राप्त की और जमा दो की पढ़ाई बॉयज स्कूल सोलन से पूरी की। इसके बाद उन्होंने सोलन कॉलेज से बीएससी की डिग्री हासिल की। मनीष राय के पिता सोहन लाल वर्तमान में छोटा शिमला पुलिस थाना में उप निरीक्षक के पद पर तैनात हैं, जबकि माता सुनीता देवी गृहिणी हैं। उनके बड़े भाई सुनील राय भी पुलिस विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए मनीष राय ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों और गुरुओं को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासन से ही यह मुकाम हासिल हो पाया है। साथ ही उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर लक्ष्य निर्धारित करने और समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
धर्मपुर में आबकारी एवं कराधान विभाग की निरीक्षक आंचल बनीं एचपीएस
धर्मपुर(सोलन)। धर्मपुर स्थित आबकारी एवं कराधान विभाग की निरीक्षक आंचल ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा की परीक्षा पास की है। आंचल को एचपीएस रैंक मिला है और वह डीएसपी पद पर नियुक्त होंगी। आंचल चौपाल की धूंतारी गांव से संबंध रखती हैं।आबकारी एवं कराधान विभाग धर्मपुर स्थित कार्यालय में कार्यरत स्टाफ ने एचपीएस आंचल को विदाई पार्टी दी। आंचल ने बताया की उन्हें इस परीक्षा को पास करने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी। हालांकि कोई भी परीक्षा कठिन नही है। अगर कुछ पाने की चाहत है तो उसके लिए कड़ी मेहनत तो करनी होगी।