कोर्ट के बार-बार बुलाने के बाद भी नहीं हो रहा था न्यायालय में पेश
आरोपी परवाणू में चलाता था कैंटर, मालिक ने करवाया था मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। परवाणू पुलिस ने पठानकोट से एक भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने परवाणू की एक फर्म का सामान लोड करके इसमें पैसों का गबन किया था, जिसके बाद उसे कोर्ट में बार-बार बुलाया जा रहा था, मगर वह आदेशों की अनदेखी कर रहा था। कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने भगोड़े आरोपी सतीश कुमार उर्फ प्रताप सिंह निवासी गांव धारबर्था, डाकखाना स्वारघाट, तहसील नैनादेवी, जिला बिलासपुर को पठानकोट (पंजाब) क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। 4 फरवरी 2014 को कसौली निवासी वीरेंद्र सिंह ने पुलिस थाना परवाणू में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उन्होंने अपनी गाड़ी कैंटर यूनियन परवाणू में लगा रखी थी, जिस पर उन्होंने स्वारघाट निवासी सतीश कुमार को चालक के रूप में नियुक्त किया था। 8 जनवरी 2014 को चालक परवाणू से सामान लोड कर गोरखपुर गया, परंतु सामान उतारने के उपरांत न तो वह वापस आया और न ही उसका फोन उठाया। इससे शिकायतकर्ता को संदेह हुआ कि चालक ने माल बेच दिया है अथवा उसके साथ कोई अनहोनी दुर्घटना हो गई है।
जांच में पाया गया कि आरोपी सतीश कुमार ने 8 जनवरी 2014 को इंटरप्राइजेज फैक्ट्री कामली से 105 बॉक्स गैस चूल्हों का लोड लेकर गोरखपुर पहुंचाया, जहां उसने माल उतारने के पश्चात संबंधित फर्म से किराया ले लिया। इसके उपरांत आरोपी ने अपने मालिक की अनुमति के बिना विभिन्न फर्मों के लिए सामान ढुलाई की और उनसे कुल 45,450 रुपये किराया वसूल किया, जिसे अपने मालिक को न देकर गबन कर लिया। इसके पश्चात आरोपी शिकायतकर्ता की गाड़ी को फिरोजाबाद में छोड़कर फरार हो गया।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी सतीश कुमार उर्फ प्रताप सिंह को पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया और उसके विरुद्ध आरोपपत्र तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। बाद में आरोपी न्यायालय से जमानत मुचलका पर रिहा हो गया। ट्रायल और विचारण के दौरान न्यायालय द्वारा आरोपी को बार-बार पेश होने के आदेश दिए गए, परंतु इसके बावजूद वह न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ। परिणामस्वरूप न्यायालय द्वारा उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया। उक्त भगोड़े आरोपी को 30 दिसंबर को पठानकोट (पंजाब) से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में जांच जारी है।