विजेता एचपी स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन की टीम खुशी जाहिर करते हुए
कंडाघाट के खेल मैदान क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट/ कंडाघाट (सोलन)। कंडाघाट के खेल मैदान में आयोजित एक रोमांचक क्रिकेट प्रतियोगिता में एचपी स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन (एचपीएससीएससी) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा की टीम को सीधे मुकाबले में 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एचपी स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में विरोधी टीम के सामने 153 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल प्रदेश विधानसभा की टीम ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन कॉर्पोरेशन की सधी हुई गेंदबाजी के आगे वे निर्धारित ओवरों में केवल 145 रन ही बना सके और कॉर्पोरेशन ने पहला मैच अपने नाम कर लिया, जबकि दूसरे मुकाबले में बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 15 ओवरों में 149 रनों का एक और मजबूत लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में मैदान पर उतरी विधानसभा की टीम दबाव में बिखर गई और निर्धारित 15 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर केवल 120 रन ही बना सकी। इस तरह कॉर्पोरेशन ने यह मुकाबला भी जीतकर प्रतियोगिता 2-0 से अपने नाम कर ली।