बद्दी। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के एक निजी होटल में 43 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान बबलू पुत्र सुरत राम, निवासी कोटी, जिला शिमला के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बबलू किसी काम से बद्दी आया था और होटल में ठहरा हुआ था। होटल मालिक ने पुलिस को उसकी मौत की सूचना दी। होटल मालिक के मुताबिक मृतक पहले उनके होटल में काम कर चुका है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बद्दी अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए होटल मालिक समेत अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।
डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।