दो पंचायतों के ग्रामीणों ने बैठक कर बनाई रणनीति,आंदोलन की धमकी चेतावनी
कहा-पहले ही रेललाइन और फोरलेन में कट गई कई बीघा जमीन
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी क्षेत्र में प्रस्तावित न्यू टाउनशिप परियोजना को लेकर विवाद गहरा गया है। मलपुर और संडोली पंचायतों के ग्रामीणों ने सरकार की इस योजना के खिलाफ हुंकार भरते हुए स्पष्ट कर दिया है कि वे अपनी पुश्तैनी जमीन किसी भी कीमत पर नहीं देंगे। शीतलपुर स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित दोनों पंचायतों की संयुक्त बैठक में ग्रामीणों ने एकमत होकर कहा कि यदि सरकार ने यह परियोजना जबरन थोपी, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे और कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। बैठक में वक्ताओं ने बताया कि चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित होने वाली इस टाउनशिप के लिए करीब 20 हजार बीघा जमीन चिह्नित की गई है। इसमें 9000 बीघा सरकारी और 10,000 बीघा से अधिक निजी जमीन आ रही है। संडोली पंचायत के पूर्व प्रधान भाग सिंह कुंडलस ने कहा कि यहां के लोगों का जीवन खेती और दूध उत्पादन पर टिका है। जमीन छिनते ही स्थानीय लोग बेरोजगार और भूमिहीन हो जाएंगे। पूर्व प्रधान रामेश्वर दास और बद्दी निवासी कृष्ण कौशल ने सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि टाउनशिप बनने से बाहरी राज्यों के रसूखदार लोग यहां बस जाएंगे, जबकि स्थानीय निवासी इतनी महंगी जमीन खरीदने में असमर्थ होंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले नगर निगम को थोपा गया और अब टाउनशिप के बहाने जमीन हड़पने की कोशिश हो रही है। नंबरदार चरणदास ने कहा कि फोरलेन और रेलवे प्रोजेक्ट्स के कारण कई किसान पहले ही अपनी जमीन खो चुके हैं। अब टाउनशिप पंचायतों को उजाड़ देगी। मलपुर के गुरनाम सिंह ने कहा कि यह क्षेत्र की एकमात्र बची हुई ग्रीन बेल्ट है, जिसे सरकार खत्म करना चाहती है। भगत राम नंबरदार ने कहा कि सरकारी शामलात जमीन पर स्थानीय लोगों का हक है, जिससे उन्हें वंचित किया जा रहा है। बेअंत ठाकुर और आज्ञा राम ने सीएम के उस बयान पर हैरानी जताई जिसमें कहा गया था कि पंचायतों ने सहमति दी है। उन्होंने कहा कि किसी को विश्वास में नहीं लिया गया। इस मौके पर पवन कुमार, अवतार सिंह, देशराज, सुखराम, दीवान चंद, कुलदीप, गगनदीप, श्याम लाल, वार्ड सदस्य धर्मपाल, धनीराम, विनोद कुमार, नरेश कुमार गुरदयाल समेत दर्जनों लोग उपस्थित हुए।
ग्राम पंचायत हरिपुर सडौली के शीतलपुर में चंडीगढ़ की तर्ज पर हिमाचल में नया शहर बसाने का विरो- फोटो : मंडल स्तरीय चयन ट्रायल के लिए प्रतिभाग करते खिलाड़ी।