तमड़ोह में बच्चों का स्वास्थ्य जांचते डॉक्टर स्रोत: स्कूल
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ की टीम ने की स्वास्थ्य जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर (सोलन)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला तमड़ोह में मंगलवार को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक अस्पताल नालागढ़ से आई विशेषज्ञ टीम ने पाठशाला के 21 छात्रों सहित आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के स्वास्थ्य की गहन जांच की। इस दौरान बच्चों का वजन और ऊंचाई मापने के साथ-साथ उनके सामान्य शारीरिक विकास का भी निरीक्षण किया गया। पाठशाला प्रभारी जगदेव चंद ने बताया कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्र होने के कारण बच्चों को रूटीन चेकअप के लिए नालागढ़ ले जाना अभिभावकों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहता है। ऐसे में स्कूल परिसर में ही स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलने से बच्चों और परिजनों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि यह जांच प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है, जिससे स्कूल प्रबंधन के पास भी बच्चों के स्वास्थ्य का पूरा रिकॉर्ड रहता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ से आए डॉ. नवदीप और प्रियंका की टीम ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता और पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को नियमित हाथ धोने और जंक फूड से दूर रहने की सलाह दी।