चार मार्च को बद्दी की एक कंपनी के सुरक्षा कर्मी से कट्टे के दम पर लूटे थे पैसे
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में चार मार्च को सुरक्षा कर्मी से कट्टे के दम पर हुई लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस गिरोह में शामिल छह नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन की रिमांड पर लिया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में बिहार के छपरा निवासी दुलार चंद (कंपनी सुरक्षा कर्मी) ने बताया था कि चार मार्च की रात करीब 9:30 बजे वह कंपनी के गेट पर ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 5 से 6 अज्ञात युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने उसे देसी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी जेब से 3000 रुपये लूटकर फरार हो गए।
यूपी का रहने वाला है मुख्य आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तफ्तीश तेज की और मुख्य आरोपी असलम साह पुत्र रूमाल साह को धर दबोचा। आरोपी उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का रहने वाला है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वारदात में असलम के साथ 6 अन्य नाबालिग लड़के भी शामिल थे। पुलिस ने इन नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोट
सुरक्षा कर्मी से लूट के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसे अदालत ने 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। वारदात में शामिल छह अन्य नाबालिगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। रिमांड के दौरान आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।
-अशोक वर्मा, एएसपी, बद्दी