सोलन में बारिश के दौरान मौसम खराब होने से दिन में ही छाया अंधेरा। संवाद
कंडाघाट में ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड,अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की आई कमी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में सोमवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली। शहर और आसपास के इलाकों में अंधड़ के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कंडाघाट और इसके साथ लगते ऊपरी क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने से फिजाओं में एक बार फिर ठंड का एहसास होने लगा है। सोमवार सुबह से ही आसमान में बादलों ने डेरा डाल रखा था। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक मौसम खराब हुआ और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। मौसम के इस बदले मिजाज से अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की कमी आई है। रविवार को जहां पारा 22.5 डिग्री था, वहीं सोमवार को यह लुढ़क कर 22 डिग्री सेल्सियस रह गया। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक जिले में बारिश की संभावना जताई है। हल्की बूंदाबांदी ने भले ही गर्मी से राहत दी हो, लेकिन जिले के किसान और बागवान अभी भी झमाझम बारिश की आस लगाए बैठे हैं। जिले के अधिकांश क्षेत्रों में टमाटर और शिमला मिर्च जैसी नगदी फसलों की रोपाई का समय आ चुका है। काफी समय से पर्याप्त बारिश न होने के कारण खेतों में नमी कम है। किसानों का कहना है कि यदि अगले एक-दो दिनों में अच्छी बारिश होती है, तो वे फसलों की रोपाई शुरू कर सकेंगे।
सोलन में बारिश के दौरान मौसम खराब होने से दिन में ही छाया अंधेरा। संवाद