सपरून चौक से ओल्ड बस स्टैंड और राजगढ़ रोड भी हुआ जाम
लोगों ने सोमवार को जमकर की खरीददारी, झूलों का उठाया आनंद
यातायात व्यवस्था बनाने के लिए दिनभर पसीना बहाती रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेले के समापन के बाद सोमवार को शहर में खासी भीड़ उमड़ी रही। देर शाम लोगों ने मेले के दौरान लगी हुई दुकानों से सामान खरीदा। लोगों की अधिक भीड़ होने से मालरोड खचाखच भरा रहा। इसके चलते बीच-बीच में ट्रैफिक जाम की समस्या भी बनी रही। अधिकतर जाम सुबह 10:00 बजे से 12:00 तक लगा। इस दौरान लोगों को ऑटो में सपरून चौक से पुराने बस स्टैंड पहुंचने के लिए 20 मिनट का समय लगा। वहीं लोगों की अधिक आवाजाही होने के चलते राजगढ़ रोड पर भी जाम लगा रहा है। लोगों और वाहनों की अधिक भीड़ को देखते विभिन्न जगहों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। यातायात व्यवस्था को बनाने के लिए दिनभर पुलिस ने पसीना बहाया।
इसके अलावा लोगों ने झूले का भी आनंद उठाया। स्थानीय अवकाश होने के चलते भी लोगों की शहर की तरफ आवाजाही अधिक रही। इससे पहले शुक्रवार से रविवार तक आयोजित हुए मेले के दौरान भी सड़कें पूरी तरह से पैक रहीं। हालांकि मेले का समापन तो रविवार रात को हो गया, लेकिन सोमवार को भी लोगों में मेले का खुमार देखा गया। सोमवार को भी बाजार में लोगों के अधिक आने से अनुमान लगाया जा रहा है कि दुकानदारों का अच्छा व्यापार भी हुआ है। इससे दुकानदार भी काफी खुश हैं।
इनसेट
मेला खत्म होते ही पुलिस ने संभाला मोर्चा
मां शूलिनी मेला रविवार रात 12:00 बजे संपन्न होने के बाद चप्पे-चप्पे पर पुलिस ने मोर्चा संभाला। रात 01:00 बजे तक ठोडो ग्राउंड खाली हुआ। 01:30 बजे के बाद सड़कों पर घूमने वाले लोगों की जानकारी पुलिस ने लेनी शुरू कर दी और उन्हें घर जाने के लिए कहा।