एलआर संस्थान के छात्रों ने किया जुन्गा एफएसएल का भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। एलआर संस्थान के एलएलबी 10वें और 6वें सेमेस्टर के 50 छात्रों ने जुन्गा स्थित राज्य फॉरेंसिक साइंस प्रयोगशाला का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण छात्रों को विधि प्रशिक्षण के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराने और आपराधिक जांच में फॉरेंसिक विज्ञान की भूमिका को समझने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। संस्थान के संकाय सदस्यों के साथ पहुंचे छात्रों को प्रयोगशाला के विभिन्न विभागों बैलिस्टिक्स, टॉक्सिकोलॉजी, सेरोलॉजी, डीएनए विश्लेषण और साइबर फॉरेंसिक का अवलोकन कराया गया। लैब के विशेषज्ञों ने आधुनिक फॉरेंसिक तकनीकों का प्रदर्शन किया और बताया कि किस प्रकार वैज्ञानिक साक्ष्य न्यायिक प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाते हैं। इस शैक्षणिक यात्रा का उद्देश्य छात्रों के सैद्धांतिक ज्ञान और उसके व्यावहारिक उपयोग के बीच की दूरी को पाटना था। इससे वे कानून और विज्ञान के बीच के समंवय को बेहतर ढंग से समझ सकें।