सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में मंगलवार को मरीजों को लाइट बार-बार बिजली गुल होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर में भी ऑपरेशन के दौरान ही बत्ती गुल हो गई।
इस कारण डॉक्टरों को जनरेटर शुरू करने के लिए कर्मचारियों को फोन करना पड़ा। फोन करने के बाद भी लगभग पांच मिनट तक बिजली नहीं आई। इस कारण डॉक्टर भी परेशान हो गए।
हालांकि पांच मिनट बाद जनरेटर शुरू कर ऑपरेशन पूरा किया गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान मरीज को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। ऑपरेशन के दौरान ओटी में मौजूद डॉ. हितेश गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में अभी बिजली का ऑटो कनेक्शन नहीं है। इस कारण बिजली जाने के बाद पहले कर्मचारियों को फोन करना पड़ता है। उसके बाद ही जनरेटर शुरू होता है। कुछ समय के लिए ऑपरेशन को रोका गया, लेकिन इस दौरान मरीज को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। संवाद