वन विभाग की टीम के आते ही खुद छूटा, टांग में आई चोट
वन विभाग ने पुलिस में करवाया मामला दर्ज, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। सत्तीवाला खड्ड में अज्ञात व्यक्ति के शिकार के लिए लगाए कड़की में तेंदुआ फंस गया। लोगों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो तेंदुआ कड़की से छूट गया। वह घायल अवस्था में भाग गया। अपनी जान बचाते हुए तेंदुए ने वन कर्मी पर भी हमला किया लेकिन किसी तरह वह बच गया।
तेंदुआ अभी भी घायल अवस्था में घूम रहा है। उसकी एक टांग में बुरी तरह से चोट लगी है। विभाग ने सत्तीवाला खड्ड में जानवरों को पकड़ने के लिए लगाया शिकंजा भी बरामद कर लिया है। बरोटीवाला थाना में इसको लेकर शिकायत दर्ज करवा दी है। बरोटीवाला क्षेत्र में उक्त तेंदुआ के घायल अवस्था में घूमने के चलते लोगों में दहशत है। लोग न तो अकेले खुद व न ही अपने बच्चों को बाहर अकेला जाने दे रहे हैं। बरोटीवाला पंचायत के प्रधान हंसराज और उप प्रधान हितेंद्र शर्मा ने बताया कि किसी शिकारी ने शिकंजा लगा थ।
वन खंड अधिकारी सूरजपुर रवि कुमार का कहना है कि अवैध शिकंजे के मामले में वन विभाग ने बरोटीवाला थाना में प्राथमिकी दर्ज करवा दी है। वन विभाग की टीम उक्त तेंदुए पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि अगर यह तेंदुआ कहीं दिखाई देता है तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग की टीम को दें।