अर्की के साई गांव में तेंदुए ने खच्चर को मारा
आधी रात को शेड में बंधी खच्चर पर हमला कर किया घायल, बाद में तोड़ा दम
लोगों में दशहत, पहले भी कुत्ते पर कर चुका हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की(सोलन)। उपमंडल अर्की के साई गांव में आधी रात को तेंदुए ने शेड में बंधी खच्चर पर हमला कर उसे मार दिया। खच्चर मालिक पवन कुमार ने बताया कि आधी रात को तेंदुए ने शेड में बंधी उनकी खच्चर को शिकार बना लिया।
उन्होंने तेंदुए को भगाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया, जिससे तेंदुआ अधमरी हो चुकी खच्चर को छोड़कर वहां से भाग गया। कुछ ही देर में आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए। तेंदुए के हमले में घायल खच्चर ने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। इसी गांव में कुछ दिन पहले कुत्ते पर भी तेंदुए ने हमला किया था, लेकिन घर मालिक ने शोर मचाकर कुत्ते को बचा लिया था।
डीएफओ कुनिहार राजकुमार ने बताया कि साई गांव में तेंदुए के हमले से खच्चर की मौत की सूचना मिली है। इस पर वन विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांवों में तेंदुए की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए वन विभाग की टीमें समय-समय पर गश्त करेंगी, ताकि लोगों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि तेंदुआ अधिकतर उन्हीं स्थानों को निशाना बनाता है, जहां जंगलों के आसपास अकेले जानवर या गांव में अथवा घरों के बाहर कुत्ते घूमते दिखाई देते हैं। लोगों को सचेत रहने की आवश्यकता है। गांव में पटाखे, ढोल आदि बजाकर तेंदुए की आवाजाही को रोका जा सकता है।