पुलिस पर लापरवाही का आरोप, सपरून चौकी में पुलिस के सामने पिटाई का लगाया आरोप
वकीलों ने कामकाज का किया वहिष्कार, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अड़े वकील
बार एसोसिएशन ने बुलाया जनरल हाउस, आगामी रणनीति तय की जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला बार एसोसिएशन ने एक वकील के साथ मारपीट के विरोध में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक सोलन कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान वकीलों ने कामकाज का बहिष्कार किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने आरोप लगाया कि उनके एक साथी वकील को कई लोगों ने मिलकर पीटा, जब वह अपनी जान बचाने के लिए सपरून चौकी में पहुंचा तो, वहां पर आरोपियों ने पुलिस के सामने ही उसकी और पिटाई कर दी। बावजूद इसके पुलिस ने मामला दर्ज तक नहीं किया। उन्होंने इस मामले में पुलिस पर भी लापरवाही बरतने और आरोपियों को बचाने के आरोप लगाए। उधर, इस मामले को लेकर 7 जनवरी को बार एसोसिएशन सोलन का आपात जनरल हाउस बुलाया गया है। इसमें वकील आगामी रणनीति तैयार करेंगे। पीड़ित वकील राजकुमार ने बताया कि वह 3 दिसंबर को अपने एक दोस्त की पार्टी में शामिल होने के लिए सोलन शहर के नजदीक बोच क्षेत्र में गए थे। इस दौरान रात 10:00 बजे वहां मौजूद एक व्यक्ति सुमित ने उसके प्रोफेशन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की। वकील ने आरोप लगाया कि जब उसने उस व्यक्ति की टिप्पणियों का विरोध किया तो उसने हमला कर दिया। उसके साथ तीन-चार और लोग भी उसे पर टूट पड़े और उसे जमकर पीटा। दोस्तों ने उसे उनसे बचाया और उसे गाड़ी में बिठाकर वहां से भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने गाड़ी में उसका पीछा किया तो वह बचने के लिए सपरून चौकी में पहुंचा। राजकुमार ने आरोप है कि तभी वहां पर मुख्य आरोपी और उसके तीन-चार साथी पहुंच गए और उसे पुलिस वालों के सामने ही चौकी से घसीटकर बाहर ले आए और वहां पर उसे फिर से पीटा। राजकुमार ने बताया कि सोमवार को जब वह एफआईआर की जानकारी लेने चौकी पहुंचे, तो स्टाफ न होने का बहाना बनाया गया। अस्पताल में भी बिना पुलिस की एमएलसी के मेडिकल करने से मना कर दिया गया। वकीलों का आरोप है कि पुलिस जानबूझकर आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस से आरोपियों को बचाने में लगी है तभी मामला भी दर्ज नहीं किया गया।
इनसेट
पुलिस ने बरती लापरवाही : अभिषेक
मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। इसे लेकर 7 जनवरी को जनरल हाउस बुलाया गया है। उसमें तय किया जाएगा कि आगे क्या किया जाना है। इसे लेकर सभी वकील एकजुट हैं और उन्हें प्रदेशभर की बार एसोसिएशन से समर्थन मिल रहा है।
अभिषेक ठाकुर, अध्यक्ष जिला बार एसोसिशन
कोट
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले में आगामी जांच जारी है। पुलिस निष्पक्ष तौर पर जांच करेगी। आरोपियों को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा।
गौरव सिंह, एसपी सोलन
एसपी ऑफिस सोलन के बाहर प्रदर्शन करते अधिवक्ता संघ। स्त्रोत संघ